अमित बघेल ने किया सरेंडर!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। तीन महीने की सशर्त अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को रायपुर अदालत में सरेंडर कर दिया। बघेल स्वयं न्यायालय परिसर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण किया।

इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर उनके समर्थकों की भारी संख्या जुटी। कार्यकर्ताओं ने बघेल के पहुंचते ही उन्हें घेर लिया और “शेर थे, शेर हैं और शेर रहेंगे” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क रहा।

क्या है पूरा मामला

अमित बघेल को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से अप्रैल में तीन महीने की सशर्त अंतरिम जमानत मिली थी। जमानत की शर्त के तहत उन्हें इस अवधि के दौरान रायपुर जिले में निवास नहीं करना था, हालांकि कोर्ट पेशी के लिए आने की अनुमति थी।

बघेल पर महतारी प्रतिमा विवाद से जुड़े मामलों में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर थानों में दर्ज 14 FIR का आरोपी बताया जाता है। इन मामलों में उन्हें दी गई अंतरिम जमानत की अवधि अब पूरी हो चुकी है।

क्रांति सेना का बयान

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संगठन को राज्य के सत्तापक्ष या विपक्ष, किसी भी राजनीतिक दल से कोई उम्मीद नहीं है। संगठन अपने मुद्दों पर खुद लड़ाई लड़ेगा।

संगठन ने कहा कि वह क्षेत्रीय अस्मिता और स्थानीय मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहेगा। अमित बघेल के सरेंडर के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में जोश देखा गया और कोर्ट परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी हुई।

राजनीति में चर्चा तेज

अमित बघेल के रायपुर कोर्ट में सरेंडर और समर्थकों के बड़े प्रदर्शन के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि क्रांति सेना का मुख्यधारा के दोनों प्रमुख दलों से दूरी बनाने का रुख आगामी दिनों में राज्य की स्थानीय राजनीति पर असर डाल सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment