रायपुर।महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की CBI की आठ दिनों की कस्टोडियल रिमांड खत्म हो चुकी है। अब वह गुरुवार, 12 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। CBI के अधिकारी उसे बुधवार को दिल्ली से रायपुर ला सकते हैं। इस पेशी में सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि CBI आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। अगर CBI रिमांड नहीं मांगती है, तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) अपने वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में आवेदन पेश कर सकती है।
पिछली सुनवाई के दौरान ED ने सौरभ चंद्राकर को वारंट पर गिरफ्तार करने और उससे पूछताछ करने की मांग की थी। हालांकि, उस समय CBI की रिमांड जारी थी, इसलिए कोर्ट ने ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल माना था। अब CBI की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद ED के पास दोबारा आवेदन पेश करने का मौका है। अगर CBI आगे की रिमांड नहीं मांगती है, तो ED अपने वारंट को एग्जीक्यूट कराने के लिए कोर्ट में आवेदन करेगी। इससे सौरभ चंद्राकर से पूछताछ की प्रक्रिया में ED की एंट्री हो सकती है।
CBI ने सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों व अन्य लोगों की भूमिका थी। मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के रूप में चिन्हित किया गया है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की थी। CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं, जिनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।
ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है। CBI के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से ही सौरभ चंद्राकर फरार था। वह 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। अब गुरुवार की पेशी में तय होगा कि CBI उसे और कितने दिनों के लिए अपनी कस्टडी में रखती है या ED उसे अपने वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ करने का रास्ता खोल पाती है।






