रायपुर।नया रायपुर के ब्लू वाटर में डूबे युवक आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात शव पानी के ऊपर दिखाई दिया, जिसके बाद सर्चिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी थीं। पानी काफी गहरा होने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान मृतक के परिजन भी लगातार शव मिलने का इंतजार कर रहे थे।
तीन दिन बाद मिला शव
करीब तीन दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार देर रात आदिल का शव पानी के ऊपर नजर आया। टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले किया। जरूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
दोस्तों से लगी शर्त बनी हादसे की वजह
मौदहापारा निवासी करीब 24 वर्षीय आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने की शर्त लग गई।
आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूदे, लेकिन तैरते समय आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से ही उसकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था।






