13 दिन तक छत्तीसगढ़ में ट्रेनों की रफ्तार थमेगी !

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को दिसंबर के दूसरे सप्ताह बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 6 से 18 दिसंबर तक मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इस दौरान बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 11 ट्रेनें एक से नौ घंटे तक देरी से चलेंगी। इसके अलावा 6 ट्रेनों को उनके निर्धारित स्टेशन से पहले ही समाप्त किया जाएगा। इस तरह कुल 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा।

रेलवे के अनुसार, चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम किया जाएगा। इन तकनीकी कार्यों के कारण ट्रेनों के समय और मार्ग में बदलाव किया गया है।

यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 7 से 18 दिसंबर तक लागू रहेगी और ट्रेन कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर के रूप में संचालित होगी।

दरअसल, बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच लगभग 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने से इस व्यस्त रेल मार्ग पर यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में इस मार्ग पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, समय और संशोधित समय-सारिणी जरूर जांच लें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment