रायपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। रविवार को राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए और 12वीं बोर्ड के हिंदी विषय के पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला।
सख्त कानून बनाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सरकार को सख्त और प्रभावी कानून बनाना चाहिए। छात्रों ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और ऐसी मजबूत व्यवस्था बनाई जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
हरिका राव के परिवार को न्याय और मुआवजे की मांग
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने री-नीट परीक्षा से जुड़ी घटनाओं के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को न्याय दिलाने और उचित मुआवजा देने की भी मांग की। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।






