दशहरे के दिन से पहले भोपाल के आशीमा मॉल के पास स्थित दशहरा मैदान में बड़ा हादसा टल गया। यहां लगे 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले में कुछ शरारती युवकों ने समय से पहले ही आग लगा दी। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 6 बजे हुई, जिससे आयोजन समिति और आसपास के क्षेत्र के लोग हैरान और परेशान हो गए।
इलाके के पार्षद जितेंद्र शुक्ला ने जानकारी दी कि सुबह एक एसयूवी में सवार दो युवक और एक युवती मैदान में पहुंचे और नशे की हालत में पुतले में आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के समय कई लोग मॉर्निंग वॉक पर थे, जिन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मिसरोद पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। वीडियो में आरोपी युवक और युवती को पुतले में आग लगाते देखा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
वहीं, आयोजन समिति ने तुरंत नया रावण पुतला तैयार कराने का काम शुरू कर दिया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शाम को होने वाले दशहरा कार्यक्रम पर इस घटना का कोई असर नहीं पड़ेगा। तय समय पर रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित अनुसार होंगे। इस मौके पर सिंगर और कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।



