छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन मौसम स्थिर, दिन में खिली धूप तो रात में बढ़ेगी ठंड

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर बना हुआ है। प्रदेश में शुष्क मौसम के चलते दिन के समय तेज धूप खिली रहेगी, जबकि रात और सुबह के वक्त कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

सोमवार को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह हल्की ठंडक और शाम होते-होते ठिठुरन का असर बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ या अन्य मौसमी सिस्टम नहीं है, जिसके कारण तापमान में उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से थोड़ा कम था। दोपहर में हल्की गर्मी और रात में ठंड का असर महसूस किया गया।

 प्रदेशभर का तापमान हाल

प्रदेश में दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, बिलासपुर में 11.8 डिग्री, माना एयरपोर्ट पर 11.9 डिग्री और राजनांदगांव में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जगदलपुर में रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक 15.6 डिग्री दर्ज किया गया।

 बारिश की कोई संभावना नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है। अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहा। रायपुर में सुबह आर्द्रता 52 प्रतिशत और शाम को 42 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति भी सामान्य रही।

 अगले चार दिन का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment