पहाड़ों में बदलेगा विकास का नक्शा, कनेक्टिविटी और हाईवे प्रोजेक्ट्स पर सांसद बृजमोहन का मंथन

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर/पहलगाम।देश के दूरस्थ और पहाड़ी इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल देखने को मिली। संसद की प्राक्कलन समिति की दो दिवसीय अध्ययन यात्रा के दूसरे दिन पहलगाम में आयोजित बैठक में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने पर गहन चर्चा हुई।

इस बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि अब समय आ गया है जब देश के अंतिम छोर तक भी डिजिटल सुविधाएं और बेहतर सड़क नेटवर्क पहुंचाया जाए। उनका जोर इस बात पर रहा कि विकास केवल शहरों तक सीमित न रहकर गांव-गांव तक पहुंचे।

 हर गांव तक डिजिटल पहुंच की जरूरत

बैठक के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संचार मंत्रालय, BSNL और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत में यह सामने आया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई गांव अब भी डिजिटल रूप से कटे हुए हैं।

इस पर बृजमोहन अग्रवाल ने सुझाव दिया कि मोबाइल टावरों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ सैटेलाइट आधारित कनेक्टिविटी को भी तेजी से अपनाया जाए। उनका मानना है कि डिजिटल नेटवर्क मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और बैंकिंग जैसी जरूरी सेवाएं आम लोगों तक आसानी से पहुंच सकेंगी।

 सड़कें बनेंगी विकास की रीढ़

बैठक के दूसरे चरण में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और सुधार को लेकर चर्चा हुई। सड़क परिवहन मंत्रालय, NHAI और NHIDCL के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श में इस बात पर सहमति बनी कि मजबूत सड़क नेटवर्क से न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

अग्रवाल ने कहा कि बेहतर सड़कें पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार के लिए भी नए अवसर खोलेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी जोर दिया कि सड़क निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए और परियोजनाएं तय समय में पूरी हों।

 समग्र विकास की दिशा में अहम कदम

दो दिवसीय इस अध्ययन दौरे को सफल बताते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार, मंत्रालयों और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय से पहाड़ी क्षेत्रों का समग्र विकास संभव है। उनका उद्देश्य साफ है देश का कोई भी इलाका विकास की दौड़ में पीछे न रह जाए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment