कर्मचारियों के तबादलों पर रोक!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। जनगणना 2027 की तैयारियों को देखते हुए राज्य सरकार ने निर्देश जारी किए हैं कि जनगणना ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों का अगले छह महीने तक यथासंभव तबादला नहीं किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने 2 नवंबर को सभी विभागों के सचिवों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को इस संबंध में पत्र भेजा है।

यह व्यवस्था छह महीने या जनगणना का काम पूरा होने तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी। इसमें जिला जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक और पर्यवेक्षक शामिल हैं। जिन कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, उन्हें भी तबादले से बचाया जाना है, ताकि प्रशिक्षित कर्मशक्ति जनगणना के दौरान उपलब्ध रहे।

छत्तीसगढ़ में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर अधिकारियों का प्रशिक्षण जारी है, जबकि नवंबर और दिसंबर में मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स और प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी और इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण किया जाएगा।

इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी और नागरिकों को 10 से 24 जनवरी के बीच ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प भी मिलेगा। प्रश्नावली में कुल 40 सवाल होंगे, जिनमें जातिगत जानकारी भी दर्ज की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रशिक्षित कर्मचारियों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित कर जनगणना का काम निर्धारित समय पर पूरा करना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment