पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश का रेत माफिया से कथित ऑडियो वायरल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। पामगढ़ की कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश का रेत माफिया के साथ बातचीत का कथित ऑडियो वायरल (Audio Viral) हो रहा है। मध्यभारत परिदृश्य इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन इस बातचीत में विधायक और रेत कारोबारियों के बीच पैसों की डील की चर्चा सामने आ रही है।

कथित ऑडियो में कलेक्टर और एसडीएम को हर महीने दो-दो लाख रुपए देने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, मंथली रकम तय करने और अन्य नामों का जिक्र भी इसमें सुनाई दे रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, करीब छह अलग-अलग ऑडियो क्लिप वायरल हो रहे हैं। इनमें विधायक ने अपने लिए 5 लाख रुपए, कलेक्टर और एसडीएम के लिए 2-2 लाख रुपए, और कांग्रेस नेता रहे राघवेंद्र के लिए 1 लाख रुपए हर महीने देने की बात कही है।

बातचीत में यह भी सामने आया कि अवैध रेत खनन की अनुमति दिलाने का दावा विधायक कर रही हैं और कलेक्टर-एसडीएम के हिस्से की रकम उन्हीं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उनकी थी। शुरुआती डील में रोशन नामक व्यक्ति ने 5 लाख रुपए विधायक के बिलासपुर स्थित घर में छोड़े थे, जिसमें से दो लाख एसडीएम के और तीन लाख विधायक के बताए गए।

इस पूरे प्रकरण के बाद सियासत गरमा गई है। भाजपा कांग्रेस पर हमलावर हो गई है और कांग्रेस का बचाव करना पड़ा है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बयान जारी कर कहा कि विधायक शेषराज हरवंश ने किसी भी ऐसी बातचीत से इंकार किया है। उन्होंने इसे एक साजिश बताया और कहा कि वह लगातार रेत माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं।

इधर, विधायक हरवंश ने 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का ऐलान किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment