कांग्रेस नेता के घर घुसकर हमला, 15-20 लोगों पर मारपीट का आरोप

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

अंबिकापुर।छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात करीब 15 से 20 लोग उनके घर में घुस गए और उनके साथ जमकर मारपीट की। हमले में कांग्रेस नेता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके का है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर में शनिवार देर रात हथियारों से लैस कुछ लोग पहुंचे। उनकी संख्या करीब 15 से 20 बताई जा रही है। हमले में सिद्धू की आंख में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

भाजपा नेता पर हमला करवाने का आरोप

कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ होने का आरोप लगाया है। सिद्धू के मुताबिक, पुरानी राजनीतिक रंजिश के चलते उन पर हमला कराया गया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भाजपा नेता को लेकर किए जा रहे पोस्ट के कारण उन पर शक किया जा रहा था।

सिद्धू का आरोप है कि इसी वजह से शनिवार रात भाजपा नेता के कुछ समर्थक उनके घर पहुंचे। पहले उनके साथ गाली-गलौज की गई और फिर मारपीट शुरू कर दी गई। हमलावर घर के अंदर भी घुस गए और वहां भी उनके साथ मारपीट की।

सिद्धू ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही आईजी को अपनी जान को खतरा होने की जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि इससे पहले भी उनके खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

प्रकाश साहू ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

भाजपा नेता प्रकाश साहू ने गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद थे और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रकाश साहू का कहना है कि सिद्धू के साथ उनकी पुरानी राजनीतिक रंजिश है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही आईजी को आवेदन देकर आशंका जताई थी कि उन्हें किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है।

साहू ने आरोप लगाया कि वार्ड चुनाव में भाजपा की जीत से नाराज होकर उनके खिलाफ इस तरह का प्रोपेगेंडा किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हमले की असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment