बिलासपुर।स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी, सोमवार को बिलासपुर में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। इस दिन शहर विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाएगा, जहां 1500 से अधिक स्कूली बच्चे एक साथ स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करेंगे।
यह भव्य कार्यक्रम बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है और इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में विभिन्न प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में इस दिन युवा रत्न पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही कई जिलों में स्वदेशी दौड़ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
नशामुक्ति की लेंगे सामूहिक शपथ
इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान 1500 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राएं एक साथ नशा न करने की शपथ लेंगे। इसके अलावा कंपनी गार्डन में स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रंगोली बनेगी आकर्षण का केंद्र
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि पुलिस ग्राउंड में 5500 स्क्वायर फीट से अधिक क्षेत्रफल में स्वामी विवेकानंद की विशाल रंगोली तैयार की जा रही है। यह रंगोली विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रंगोली होगी, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनेगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित करना है। राष्ट्रीय युवा दिवस पर होने वाला यह आयोजन बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण होगा और देशभर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेगा।



