रायपुर।जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल की ओर से महिलाओं के नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, जीवन में संतुलन और सकारात्मक सोच को समर्पित भव्य कार्यक्रम “नारी संगम-सीजन 3” का आयोजन 3 जुलाई, शुक्रवार शाम 4 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में किया जाएगा।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। इंटरनेशनल ट्रेनर राजेश अग्रवाल के साथ संस्था की अध्यक्ष जेसी डॉ. धृति वैभव शर्मा, फाउंडर प्रेसीडेंट लीना वाढेर, पास्ट प्रेसीडेंट आस्था बाफना, प्रोग्राम डायरेक्टर दीया मूलचंदानी और सचिव प्रीति अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।
इस दौरान उन्हें नारी संगम कार्यक्रम की पूरी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के उद्देश्य की सराहना की और खुशी जताई। साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति भी दी। उनकी मौजूदगी इस आयोजन को और खास और प्रेरणादायक बनाएगी।
नारी संगम का यह तीसरा आयोजन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को एक मंच पर लाकर नेतृत्व, संतुलन, आत्मविश्वास और नई संभावनाओं से जोड़ने की पहल है। इस साल कार्यक्रम की थीम रखी गई है— “लव यू ज़िंदगी – नेतृत्व की उड़ान, संतुलन की पहचान, खुशियों भरी मुस्कान।”
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण इंटरनेशनल प्राइम ट्रेनर पीपीपी जेएफआर, जेसीआई सीनेटर राजेश अग्रवाल का प्रेरणादायक और ऊर्जावान प्रशिक्षण सत्र रहेगा। उनका सत्र प्रतिभागियों को जीवन, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के नए आयामों से जोड़ेगा।
कार्यक्रम में करीब 300 संस्थाओं से 3 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। साथ ही विभिन्न संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा और आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
चैप्टर कन्वेनर रूपाली दुबे, चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर जेसीआई सीनेटर जया अरोड़ा और सभी सीनियर्स के नेतृत्व में सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।






