रायपुर, 10 सितंबर। जूनियर एवं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली शिवांगिनी पांडे और गौरव राज सहित प्रदेश के प्रतिभागी तैराकों ने गुरुवार को रायपुर सांसद एवं छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पदक विजेता खिलाड़ियों समेत पूरे प्रतिभागी दल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनका मुंह मीठा कराकर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बेटे-बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर साबित किया है कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन ने यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साह बढ़ाया। अग्रवाल ने कहा कि खेल में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण अनुभव, मेहनत और जज्बा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का यह दल और बेहतर प्रदर्शन करते हुए अधिक पदक हासिल करेगा।

प्रदेश में विकसित होगा आधुनिक तैराकी इंफ्रास्ट्रक्चर
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में तैराकी और वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
उन्होंने प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सर्वसुविधायुक्त स्विमिंग पूल के निर्माण, नियमित कोचिंग कैंप आयोजित करने और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण के माध्यम से छत्तीसगढ़ के तैराकों को ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव साही राम जाखड़, संयुक्त सचिव सुमन मुथा, कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल खंडेलवाल, कोच सहित प्रदेशभर से आए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।





