CAF भर्ती वर्ष 2018 की वेटिंग सूची में शामिल अभ्यर्थियों का सब्र आखिरकार टूटता नजर आ रहा है। सात वर्षों से नियुक्ति आदेश की मांग कर रहे CAF अभ्यर्थी आज मंगलवार सुबह 9 बजे से अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री के बंगले के बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए हैं।
धरने पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से न्यायालय, शासन, प्रशासन और मंत्रालय स्तर पर लगातार ज्ञापन, आवेदन और पत्राचार करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक नियुक्ति को लेकर कोई स्पष्ट और लिखित आदेश जारी नहीं किया गया। लंबे इंतजार ने न केवल उनके करियर को बल्कि उनके परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को भी गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
CAF भर्ती 2018 के वेटिंग अभ्यर्थियों ने बताया कि वे 22 दिसंबर 2025 से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद शासन की ओर से अब तक न तो कोई ठोस संवाद हुआ है और न ही समाधान की दिशा में कोई सकारात्मक पहल देखने को मिली है।
आज गृह मंत्री बंगले के बाहर धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है। वे केवल माननीय गृह मंत्री से सीधे शांति वार्ता कर अपनी वर्षों पुरानी पीड़ा और मांगों को सामने रखना चाहते हैं।
अभ्यर्थियों ने सरकार से अपील की है कि CAF भर्ती 2018 से जुड़े इस 7 वर्षों से लंबित गंभीर मामले पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि सैकड़ों परिवारों को न्याय मिल सके और उनका भविष्य अंधकार में जाने से बचाया जा सके।







