रायपुर में 1.20 करोड़ का 191.5 किलो गांजा जब्त, ट्रक में मशीनों के बीच छिपाकर हो रही थी तस्करी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 191.525 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराज्यीय तस्करी के इस मामले में पिता-पुत्र समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और उसमें लदी हैवी मशीनरी सहित करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। यह रायपुर कमिश्नरेट में अब तक पकड़ी गई गांजे की सबसे बड़ी खेप बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर नाकेबंदी की। मुखबिर की सूचना पर पश्चिम बंगाल नंबर के 6 चक्का अशोक लेलैंड ट्रक (WB-23G-1390) को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में लदी भारी मशीनरी के नीचे और उसके बीच छिपाकर रखी गई सात बोरियों से 191.525 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मोहम्मद लाल (36) और उसके 19 वर्षीय बेटे मोहम्मद रूस्तम को गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना (बैकरपुर) क्षेत्र में रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से लोड कर नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध क्रमांक 332/26 दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस तस्करी नेटवर्क पर पिछले करीब एक महीने से तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए नजर रखी जा रही थी। पर्याप्त सूचना मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

रायपुर पुलिस का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.22 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, प्रतिबंधित दवाएं, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment