दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली अप्रत्याशित हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दतिया जिले के पूरे संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
पार्टी के इस फैसले को संगठन की जवाबदेही तय करने और भविष्य की रणनीति नए सिरे से तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
BJP की ओर से जारी आदेश के मुताबिक जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही पूरी जिला कार्यकारिणी भी भंग कर दी गई है। इतना ही नहीं, मंडल, मोर्चा, विभाग और जिले की सभी स्थानीय संगठनात्मक इकाइयों को भी समाप्त कर दिया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उपचुनाव में हार के बाद पार्टी संगठन की कार्यशैली की समीक्षा कर रही है और जिम्मेदारी तय करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
दतिया उपचुनाव के बाद यह भी चर्चा रही कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से पार्टी के भीतर नाराजगी का माहौल बना, जिसका असर चुनावी नतीजों पर देखने को मिला। वहीं जातीय समीकरणों के आधार पर बनाई गई रणनीति भी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं दिला सकी।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि BJP दतिया में संगठन की जिम्मेदारी किन नए चेहरों को सौंपती है और हार के बाद खुद को मजबूत करने के लिए क्या नई रणनीति अपनाती है।







