अडानी-मोदी के इशारे पर चल रही सरकार! छत्तीसगढ़ में संजय सिंह का BJP पर हमला

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। गरियाबंद में आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे संजय सिंह ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के लोगों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और पेसा कानून का मजाक बनाया जा रहा है।

संजय सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज में सरकार के खिलाफ नाराजगी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन उन्हें दिशा अडानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र के इशारे पर चल रही है।

पेपर लीक को लेकर भी सरकार पर हमला

पेपर लीक के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि पूरे देश में छात्र इस समस्या के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2015 से अब तक देश में 148 पेपर लीक के मामले सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे भाजपा शासित राज्यों में भी पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है।

उन्होंने झारखंड में आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय से जुड़े पेपर लीक के मामले का भी जिक्र किया। साथ ही UPSC परीक्षा में कथित तौर पर गलत सवाल पूछे जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे छात्रों के भविष्य पर असर पड़ रहा है और कुछ छात्र सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

‘हार के डर से सीटें बढ़ा रही भाजपा’

महिला आरक्षण के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि चाहती है कि इसे तुरंत लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विधानसभा और संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल मिलना चाहिए।

उन्होंने प्रस्तावित सीटों में बढ़ोतरी को लेकर भी सवाल उठाए। संजय सिंह ने कहा कि अगर अलग-अलग राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि नई सीटों का निर्धारण किस आधार पर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में हार के डर से सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

UCC पर दो समितियां बनाने की मांग

समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर संजय सिंह ने कहा कि समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी के लिए दो समितियां बनाई जानी चाहिए।

उन्होंने सुझाव दिया कि एक समिति SC, ST और OBC वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी करे, जबकि दूसरी समिति समाज के सभी वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव को देखे।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसा नहीं चाहती, क्योंकि उनके मुताबिक भाजपा की राजनीति समाज में विवाद पैदा करने वाली है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment