कोरबा।भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा में करीब 94 लाख रुपये के कथित गबन के छह साल पुराने मामले में छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने बैंक के तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाया गया और कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
एसीबी के अनुसार, आरोपी सुनील कुमार झा पर 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक के विभिन्न खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह रकम उनकी पत्नी, बैंक के वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में स्थानांतरित की गई थी। मामले में वर्ष 2020 में SBI के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने रायपुर स्थित ACB/EOW मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद जांच एजेंसी ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान बैंक के विभिन्न BGL खातों के स्टेटमेंट, आरोपी की पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के बैंक रिकॉर्ड जब्त किए गए। इसके अलावा बैंक से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि इन्हीं वाउचरों के माध्यम से बैंक खातों से रकम डेबिट कर दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई थी। एसीबी का आरोप है कि इन वाउचरों को तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा ने ही तैयार किया था। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
एसीबी बिलासपुर की टीम ने लगातार जांच के बाद झारखंड के दुमका जिले में दबिश देकर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार किया। दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद टीम ने उन्हें छत्तीसगढ़ लाया। इसके बाद आरोपी को कोरबा के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त की गई है।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई, इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और गबन की पूरी प्रक्रिया किस तरह अंजाम दी गई। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।





