रायगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक बुजुर्ग व्यक्ति ने गुस्से में अपनी ही पत्नी की जान ले ली।
मामला कापू थाना क्षेत्र के ग्राम जगालमौहा का है। जानकारी के मुताबिक, गांव के निवासी प्रेम साय एक्का (65 वर्ष) ने अपनी दूसरी पत्नी इन्द्रो बाई के साथ विवाद के दौरान क्रूरता की हद पार कर दी। गुस्से में उसने पत्नी को डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी को पीटते हुए गांव में ही एक घर की ओर ले जा रहा था। इस दौरान महिला बुरी तरह घायल हो चुकी थी, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया कि यह घटना उसकी जान ले लेगी।
अगली सुबह जब गांव में यह खबर फैली कि इन्द्रो बाई की मौत हो गई है, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया, जिसमें शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले को अदालत में पेश किया।
मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायालय घरघोड़ा में हुई, जहां सभी साक्ष्यों और गवाहों को ध्यान में रखते हुए न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने आरोपी को हत्या का दोषी करार दिया।
अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई, साथ ही 1000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
इस पूरे मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने मजबूत पैरवी की, जिसके चलते आरोपी को सजा दिलाई जा सकी।







