वेतन भुगतान को लेकर बड़ा फैसला: स्वामी आत्मानंद स्कूलों को 71.57 करोड़ रुपये की मंजूरी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन भुगतान को लेकर बड़ी राहत मिली है। लोक शिक्षण संचालनालय ने 12 जिलों के स्कूलों के लिए कुल 71 करोड़ 57 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है, जिससे लंबे समय से वेतन की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को निजीकरण के बाद राहत मिलने की संभावना है।

आदेश के अनुसार, जिलों को उनकी आवश्यकता के आधार पर अलग-अलग राशि आवंटित की गई है। इसमें बिलासपुर जिले को सबसे अधिक 29 करोड़ 6 लाख रुपये मिले हैं। इसके बाद सूरजपुर को 7 करोड़ 47 लाख रुपये और सक्ती को 6 करोड़ 10 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को 5 करोड़ 31 लाख रुपये, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को 4 करोड़ 70 लाख 50 हजार रुपये और मुंगेली को 3 करोड़ 85 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसी प्रकार जांजगीर को 3 करोड़ 32 लाख, कोरिया को 2 करोड़ 65 लाख, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को 2 करोड़ 61 लाख और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को 2 करोड़ 56 लाख रुपये दिए गए हैं।

नारायणपुर जिले के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपये और दंतेवाड़ा के लिए 1 करोड़ 39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी जिलों में वेतन भुगतान की प्रक्रिया अब आगे बढ़ने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इस मंजूरी से संबंधित स्कूलों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने में मदद मिलेगी।

बताया जाता है कि लंबे समय से स्वामी आत्मानंद स्कूलों में वेतन भुगतान को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों में चिंता बनी हुई थी। लोक शिक्षण संचालनालय की इस स्वीकृति के बाद अब जिला स्तर पर भुगतान प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित जिलों के अधिकारियों को आवंटित राशि के उपयोग और भुगतान को लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment