जुआरियों से सांठगांठ के आरोप में थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में जुए के फड़ को संरक्षण देने और जुआरियों से कथित सांठगांठ के मामले में पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना समेत एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामला 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुआ खेलने की सूचना मिलने के बाद सामने आया। एसपी के निर्देश पर जिला स्तरीय टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों को पकड़ा और उनके कब्जे से कुल 99,600 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन तथा कई चालान जब्त किए।

छापेमारी के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर आरोप लगा कि यह जुआ फड़ प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल द्वारा प्रतापपुर थाने के पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत से संचालित किया जा रहा था। जुआरियों से पूछताछ के बाद थाने के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई और जुआ फड़ पर समय रहते कार्रवाई न होने का मामला भी सामने आया।

इसके बाद एसपी ने प्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक राजेश तिवारी, आरक्षक भीमेश रामो और आरक्षक राजकुमार पासवान को निलंबित कर दिया। सभी निलंबित पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र सूरजपुर में संबद्ध किया गया है।

निलंबन आदेश के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों को सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय परिवर्तन या कर्तव्य से संबंधित होने की अनुमति नहीं होगी। निलंबन की अवधि में उन्हें वित्तीय नियमों के तहत निर्धारित जीवन निर्वाह भत्ता ही मिलेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment