रायपुर। रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित एक फैक्ट्री में शराब बिक्री को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मजदूरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और फैक्ट्री में तोड़फोड़ शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर में शराब बेचे जाने का कुछ मजदूर विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। मामला बढ़ने पर फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति संभालने के दौरान आक्रोशित मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिस जवान घायल हुए हैं।
हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।






