दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर विशाल रैली का आयोजन किया। इस रैली में कांग्रेस के शीर्ष नेता मंच पर एकजुट नजर आए और केंद्र सरकार के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी तीखा हमला बोला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भाषण इस रैली का केंद्र रहा, जिसमें वे बेहद आक्रामक और आत्मविश्वास से भरे दिखे।
राहुल गांधी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब एक निष्पक्ष संस्था की तरह काम नहीं कर रहा, बल्कि वह भाजपा के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग से कई सवाल पूछे, लेकिन आज तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उनके मुताबिक, यह चुप्पी ही बहुत कुछ बयां करती है।
#WATCH | Delhi | Lok Sabha LoP and Congress MP Rahul Gandhi says, "They (BJP) do 'vote chori'. Rs 10 thousand were given during the elections...Election Commission of India is working in collusion with the BJP...PM Narendra Modi changed the law to ensure that no action can be… pic.twitter.com/m3CVc8f0IG
— ANI (@ANI) December 14, 2025
अपने भाषण में राहुल गांधी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जहां गांधीजी सत्य को सबसे बड़ा मूल्य मानते थे, वहीं आरएसएस की सोच शक्ति और सत्ता को प्राथमिकता देती है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस सत्य के रास्ते पर चलकर सत्ता की राजनीति करने वालों को चुनौती देगी और अंततः उन्हें सत्ता से बाहर करेगी।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानून बदलकर चुनाव आयुक्तों को जवाबदेही से मुक्त कर दिया है। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि सत्ता में आने पर इस कानून को बदला जाएगा और लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसद में जनता से जुड़े असली मुद्दों—जैसे बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक—पर चर्चा से सरकार बचती है। प्रियंका गांधी ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराए जाएं, तो सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी की लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश और लोकतंत्र की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना ही देश को बचाने का रास्ता है।







