उपराष्ट्रपति चुनाव 2025: आज होगा मतदान, C.P. राधाकृष्णन और सुदर्शन रेड्डी में टक्कर, शाम तक आएगा नतीजा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। देश के उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 (Vice President Election 2025) के लिए आज मतदान होगा। राजग ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी मैदान में हैं। मुकाबला कड़ा बताया जा रहा है, हालांकि संख्याबल में भाजपा नीत राजग स्पष्ट बढ़त रखता है।

आज सुबह 10 से शाम 5 बजे तक वोटिंग

संसद भवन में मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 6 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और देर रात तक नए उपराष्ट्रपति का ऐलान हो सकता है। खास बात यह है कि इस चुनाव में सांसदों को पार्टी व्हिप से बांधा नहीं जा सकता क्योंकि यह गुप्त मतदान प्रणाली के तहत होता है।

नंबर गेम में राजग आगे

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 781 सदस्य शामिल होंगे। जीत के लिए 391 वोटों की आवश्यकता है। राजग के पास 425 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के पास 324 सांसद हैं। वाईएसआरसीपी ने राजग को समर्थन देने का एलान किया है, वहीं बीजद और बीआरएस मतदान से अलग रहने का फैसला कर चुके हैं।

उम्मीदवारों पर एक नजर

  • सी.पी. राधाकृष्णन (67) – महाराष्ट्र के मौजूदा राज्यपाल, तमिलनाडु से भाजपा के वरिष्ठ नेता, दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। ओबीसी समुदाय से आते हैं और पार्टी में मृदुभाषी एवं गैर-विवादास्पद छवि रखते हैं।
  • बी. सुदर्शन रेड्डी (79) – सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज, काले धन मामलों की जांच में केंद्र की ढिलाई पर टिप्पणी कर चुके हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए सलवा जुडूम को असंवैधानिक करार देने वाले ऐतिहासिक फैसले के लिए जाने जाते हैं।

क्यों नहीं होता EVM से मतदान?

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत एकल संक्रमणीय मत (Single Transferable Vote) से होते हैं। सांसद मतपत्र पर उम्मीदवारों को 1,2,3 आदि क्रम में प्राथमिकता देते हैं। यही कारण है कि इस चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल संभव नहीं है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment