रायपुर।आयुष्मान कार्ड के जरिए इलाज में कथित गड़बड़ी की शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। बुधवार को रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में 100 से ज्यादा सरकारी और निजी अस्पतालों में एक साथ जांच की गई।
जांच टीमों ने अस्पतालों में आयुष्मान योजना से जुड़े रिकॉर्ड, मरीजों की भर्ती और इलाज से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। खास तौर पर यह देखा जा रहा है कि जिन मरीजों के नाम रिकॉर्ड में दर्ज हैं, उनका वास्तव में इलाज हुआ था या नहीं। साथ ही डमी मरीजों के नाम पर फर्जी क्लेम किए जाने की भी जांच की जा रही है।
रायपुर के वरदान हॉस्पिटल, श्री महावीर अस्पताल, श्री अनंत साई हॉस्पिटल और रावतपुरा हॉस्पिटल समेत कई अस्पतालों के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक मीडिया पड़ताल में सामने आए कथित आयुष्मान फर्जीवाड़े के बाद शुरू हुई है। मामले में फर्जी दस्तावेज, डमी मरीज और आयुष्मान क्लेम में अनियमितता जैसे आरोप सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की अंतिम रिपोर्ट या संबंधित अस्पतालों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





