ड्राइवरों की मांग पूरी नहीं, हड़ताल जारी; नेशनल हाईवे पर चक्काजाम का ऐलान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन और परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच गुरुवार को हुई बैठक में चालकों की मांगों को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद आंदोलन और तेज होने की आशंका गहराई है।

ड्राइवर महासंगठन ड्राइवर आयोग के गठन, वेलफेयर बोर्ड की स्थापना और चालकों के लिए सुरक्षा कानून बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर सड़क पर उतरा है। संगठन का आरोप है कि पहले कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

हड़ताल के चलते प्रदेश में यात्री परिवहन और माल परिवहन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कई जिलों में बसों का संचालन ठप या अनियमित होने से यात्री सड़कों पर घंटों इंतजार करने को मजबूर हुए, जबकि ट्रकों की आवाजाही रुकने से खनिज ढुलाई और आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।

बलौदाबाजार जिले में सकरी बायपास पर ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं और माल परिवहन ठप पड़ा। दंतेवाड़ा में लौह अयस्क का परिवहन रुक गया, जबकि महासमुंद और जगदलपुर में यात्रियों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ड्राइवर संगठन ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है और रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चिटौद के पास चक्काजाम की चेतावनी दी है। संगठन के अनुसार, सरकार की ओर से मांगों पर ठोस पहल होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

हालांकि, कुछ स्थानों पर जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। लेकिन राज्य स्तर पर कोई स्पष्ट समाधान नहीं निकलने से आंदोलन की अवधि बढ़ने और आम लोगों की परेशानी गहराने की आशंका बनी हुई है।

फिलहाल फल-सब्जियों और अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को हड़ताल से छूट दी गई है, ताकि जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित न हो।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment