आधा दर्जन ट्रेनें रद्द, 2 का बदलेगा रास्ता

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक नवीनीकरण का काम किया जाना है। इसके लिए 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक हर मंगलवार और शुक्रवार को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 6 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है, जबकि 2 ट्रेनें बदले हुए रूट से चलेंगी।

मेगा ब्लॉक के कारण 18109/18110 टाटानगर-एनएससीबी इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर नहीं चलेगी। नवंबर में 24 और 27, दिसंबर में 1, 4, 8, 11, 15, 18, 22, 25 और 29 तथा जनवरी 2027 में 1, 5, 8, 12 और 15 तारीख को इस ट्रेन का परिचालन प्रभावित रहेगा।

इसी तरह 12767 नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस नवंबर में 23 और 30, दिसंबर में 7, 14, 21 और 28 तथा जनवरी 2027 में 4 और 11 तारीख को रद्द रहेगी। इसकी वापसी ट्रेन 12768 सांतरागाछी-नांदेड़ एक्सप्रेस नवंबर में 25, दिसंबर में 2, 9, 16, 23 और 30 तथा जनवरी में 6 और 13 तारीख को नहीं चलेगी।

इसके अलावा 20822 सांतरागाछी-पुणे हमसफर एक्सप्रेस नवंबर में 21 और 28, दिसंबर में 5, 12, 19 और 26 तथा जनवरी 2027 में 2 और 9 तारीख को रद्द रहेगी। वहीं 20821 पुणे-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस नवंबर में 23 और 30, दिसंबर में 7, 14, 21 और 28 तथा जनवरी 2027 में 4 और 11 तारीख को कैंसिल रहेगी।

दो ट्रेनों का बदलेगा रूट

मेगा ब्लॉक के चलते 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस नवंबर में 23 और 30, दिसंबर में 7, 14, 21 और 28 तथा जनवरी 2027 में 4 और 11 तारीख को बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक होकर पुरी पहुंचेगी।

वहीं 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस नवंबर में 26, दिसंबर में 3, 10, 17, 24 और 31 तथा जनवरी 2027 में 7 और 14 तारीख को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन कांद्रा-सीनी होकर दुर्ग पहुंचेगी और टाटानगर-गम्हरिया के बीच अपने निर्धारित रूट पर नहीं चलेगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की ताजा जानकारी जरूर जांच लें, ताकि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment