भगवान शिव पर टिप्पणी से बवाल, क्रिश्चियन फोरम के अरुण पन्नालाल हिरासत में

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया है। विवादित पोस्ट सामने आने के बाद देर रात रायपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल को हिरासत में लिया। घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए पन्नालाल के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

सोशल मीडिया पर टिप्पणी वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों में नाराजगी देखने को मिली। बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पन्नालाल के घर के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की शुरुआत भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी की शिकायत से हुई। चिमनानी ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हंसराज गोयल नाम के एक व्यक्ति ने हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी सोशल मीडिया थ्रेड में अरुण पन्नालाल की ओर से भी कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का आरोप है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि पवित्र सावन महीने के दौरान इस तरह की टिप्पणी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

रायपुर पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया थ्रेड से जुड़े हंसराज गोयल की भी तलाश कर रही है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment