महादेव सट्टा ऐप मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 940 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अटैच की हैं।
जानकारी के मुताबिक, ये संपत्तियां कारोबारी विकास गर्ग और उनके परिवार के कंट्रोल वाली कंपनियों से जुड़ी बताई जा रही हैं।
ED ने जिन संपत्तियों पर कार्रवाई की है, उनमें कई लग्जरी घर, जमीन, कंपनियों के शेयर और अलग-अलग तरह के वित्तीय निवेश शामिल हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि इनमें ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए कमाई गई संपत्तियां भी शामिल हैं।
जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बताया गया कि महादेव सट्टा ऐप और स्काई एक्सचेंज से जुड़ा नेटवर्क विदेश से ऑपरेट किया जा रहा था।
ED के मुताबिक, पैनल सिस्टम के जरिए इस नेटवर्क को देशभर में फैलाया गया और इससे हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई होने का दावा किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि अवैध सट्टेबाजी से कमाए गए पैसों को वैध दिखाने के लिए शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया गया और पैसों के असली स्रोत को छिपाने की कोशिश की गई।
प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, अब तक इस मामले में सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं।
वहीं, रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। अब तक इस मामले में करीब 3800 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।





