रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने जापान प्रवास के दौरान ओसाका स्थित एसएएस सानवा कंपनी लिमिटेड से मिले और छत्तीसगढ़ में निवेश का आमंत्रण दिया। उन्होंने कंपनी को राज्य में आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूती मिलेगी और राज्य के युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार निवेशकों के लिए सुगम प्रक्रियाएं, पारदर्शी नीतियां और हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाई किसानों को बेहतर दाम दिलाएगी और कृषि आधारित उद्योगों को नई दिशा देगी। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट छत्तीसगढ़ को उच्च-तकनीकी उत्पादन का हब बनाएगी, जिससे राज्य वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है – जनता की समृद्धि, युवाओं का उज्ज्वल भविष्य और निवेशकों का विश्वास। छत्तीसगढ़ सतत विकास और औद्योगिक प्रगति की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।



