बस्तर। लगातार हो रही भारी बारिश और अतिवृष्टि ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में हालात बिगाड़ दिए हैं। लौंहडीगुड़ा, केशलूर और दरभा क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान SDRF और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से अलग-अलग स्थानों से 67 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें से छह लोगों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट करना पड़ा।
बस में फंसे 45 यात्री सुरक्षित
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एक बस पानी से घिरे इलाके में फंस गई थी। SDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसमें सवार 45 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला। वहीं, तेज बहाव के बीच धार में फंसे एक मोटरसाइकिल सवार को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
कलेक्टर और SP की मौजूदगी में 16 लोगों का रेस्क्यू
इसी दौरान मादर गांव में बाढ़ के बीच फंसे 16 लोगों को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। प्रशासन और SDRF की तत्परता से किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया।
एयरलिफ्ट कर बचाए गए 6 लोग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया। चॉपर हेलिकॉप्टर की मदद से छह लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों में न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। SDRF और पुलिस टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।







