भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत की एक फेसबुक पोस्ट इन दिनों काफी चर्चा में है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सरकार और प्रशासन की नीतियों पर सवाल उठाते हुए ‘गजब का एकतरफा विकास’ शीर्षक से एक पोस्ट साझा की, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। इस पोस्ट में उन्होंने सड़कों की बदहाल स्थिति, धार्मिक स्थलों की उपेक्षा और क्षेत्रीय असंतुलन पर तीखा तंज कसा है।
रवि भगत ने लिखा कि केवल रोड एक्सप्रेसवे या कुछ क्षेत्रों में विकास दिखाकर सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि कुछ इलाकों में आज भी बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। उन्होंने उदाहरण के रूप में बिलासपुर और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्रों का हवाला देते हुए कहा कि वहां आज भी सड़कें टूटी हुई हैं, लोग गड्ढों में सफर करने को मजबूर हैं और किसान परेशान हैं। उन्होंने सरकार से संतुलित विकास की मांग की और यह भी जोड़ा कि “गजब का एकतरफा विकास” अब लोगों की समझ में आने लगा है।
रवि भगत की इस पोस्ट से न केवल भाजपाई कार्यकर्ता असहज हो गए हैं, बल्कि कई नेता भी नाराज हैं। चर्चा है कि जब उन्हें राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष पद से नहीं चुना गया था, तभी से वे पार्टी से खफा चल रहे थे। उन्होंने सरकार के कार्यक्रमों से भी दूरी बनाना शुरू कर दिया है।
अब उनका यह पोस्ट कांग्रेस नेताओं के बीच भी सराहना पा रहा है, जिससे भाजपा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग इसे एक साहसी कदम मान रहे हैं।







