स्कूल में अचानक बिगड़ी 5 छात्राओं की तबीयत, एक के बाद एक हुईं बेहोश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बालोद।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से छात्राओं को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।

अचानक बिगड़ी छात्राओं की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा तिजिया यादव को अचानक चक्कर आया और वह नीचे गिर गई। उसकी सांसें तेज हो गईं और वह छटपटाने लगी। शिक्षकों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।

इसके कुछ देर बाद युहाना कोमरे, लिलिमा चन्द्रवंशी, भूमिका और 9वीं कक्षा की छात्रा नितेश्वरी को भी चक्कर आने, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। इसके बाद वे भी बेहोश होकर गिर पड़ीं। एक के बाद एक छात्राओं के बेहोश होने से पूरे स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालात बिगड़ते देख युहाना, लिलिमा चन्द्रवंशी और तिजिया यादव को प्राथमिक उपचार के लिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इलाज के दौरान छात्रा युहाना चंद्रवंशी की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया।

वहीं, दो छात्राओं की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया। जबकि भूमिका और नितेश्वरी का इलाज घर पर ही किया गया।

शिक्षकों ने बताई यह वजह, परिजनों ने कही दूसरी बात

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं सुबह बिना पर्याप्त खाना खाए स्कूल आई थीं। ऐसे में कमजोरी की वजह से उन्हें चक्कर आने की आशंका है। वहीं, परिजनों का कहना है कि पिछले साल भी स्कूल में इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment