बेमेतरा।बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया नगर पंचायत में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह चर्चा का विषय बन गया। वजह यह रही कि बीजेपी समर्थित 15 के 15 पार्षद कार्यक्रम से नदारद रहे। विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन मंच पूरी तरह खाली नजर आया। पार्षदों की एक साथ गैरमौजूदगी को लेकर अंदरखाने नाराजगी और खींचतान की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि विधायक ने इसे बारिश और खेती-किसानी के काम का असर बताया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम पिंकी मनहर ने अनिल सिंघानिया, रोहित भारती और बलराम निषाद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि संगठन में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है और नवनियुक्त एल्डरमैन नगर के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
हालांकि, विधायक की मौजूदगी के बावजूद सभी 15 पार्षदों का एक साथ कार्यक्रम में नहीं पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का कारण जरूर बन गया है। अब इसे महज बारिश और खेती-किसानी का असर माना जाए या इसके पीछे कोई और वजह है, इसको लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।





