आदिवासी बच्चों की मौत के बीच कल बालाघाट पहुंचेंगे राहुल गांधी, परिजनों से करेंगे मुलाकात

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भोपाल/बालाघाट।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 1 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। प्रस्तावित दौरे के दौरान वे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पहुंचकर हाल में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे।

राहुल गांधी का यह दौरा बालाघाट के बैहर और बिरसा क्षेत्र में आदिवासी बच्चों की मौतों के मामले के बीच हो रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में 30 से अधिक बच्चों की मौत की जानकारी सामने आई है। स्वास्थ्य जांच में मलेरिया, खसरा, कुपोषण, एनीमिया और निमोनिया जैसी अलग-अलग स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां सामने आने की बात कही गई है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी प्रभावित गांवों में जाकर मृत बच्चों के परिजनों से सीधे बातचीत करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण और सरकारी सेवाओं की स्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों से जानकारी लेंगे। बच्चों की मौत के कारणों और सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस की ओर से आरोप लगाये गए है।

13 दिन में दूसरी बार मध्य प्रदेश दौरा

राहुल गांधी का यह मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे 19 सितंबर को इंदौर पहुंचे थे, जहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अब करीब 13 दिन बाद उनका बालाघाट दौरा प्रस्तावित है।

बालाघाट दौरे के दौरान आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आने की संभावना है। राहुल गांधी प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे। कांग्रेस की ओर से इस मामले में सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं और बच्चों की मौत से जुड़े सवालों पर जवाब मांगे जा रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment