बालोद जिले के दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में वन रक्षक हिमांशु यादव को निलंबित कर दिया गया है। यह आदेश डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने जारी किया है।
मामला धोबनी गांव का है, जहां ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एक मेटाडोर वाहन को रोका था। वाहन में अवैध रूप से लकड़ियां लदी हुई थीं। सूचना पर वन रक्षक हिमांशु यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्होंने न तो वाहन जब्त किया और न ही किसी तरह की ठोस कार्रवाई की। इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच की गई। जांच में वन रक्षक की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय परिक्षेत्र लोहारा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

यह कार्रवाई वन विभाग की कार्यप्रणाली और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







