विधायक का मोबाइल हैक! परिचितों से मांगे 76 हजार रुपये

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कोरबा।पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम का मोबाइल हैक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विधायक के मोबाइल पर आई एक APK फाइल खोलने के बाद उनका मोबाइल और WhatsApp अकाउंट हैकर के कब्जे में चला गया। इसके बाद हैकर ने विधायक के WhatsApp से उनके परिचितों और संपर्क में मौजूद लोगों को मैसेज भेजकर 76 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी।

मैसेज में लिखा गया कि “एक छोटी सी हेल्प चाहिए, मेरा UPI काम नहीं कर रहा है।” कुछ लोगों को जब मैसेज पर शक हुआ तो उन्होंने सीधे विधायक को फोन किया। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

APK फाइल खोलते ही हैक हुआ मोबाइल

मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक के मोबाइल पर एक APK फाइल भेजी गई थी। विधायक ने जैसे ही उस फाइल को खोला, उसके बाद मोबाइल में सेंध लग गई। हैकर ने WhatsApp का एक्सेस हासिल कर लिया और विधायक के संपर्क में मौजूद लोगों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेजने लगा।

थाने में शिकायत, साइबर सेल कर रही जांच

मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक तुलेश्वर मरकाम ने पाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से हैकर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी अनजान APK फाइल या संदिग्ध लिंक को बिना जांचे-परखे ओपन न करें। किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नाम से अचानक पैसे मांगने वाला मैसेज आए तो रकम भेजने से पहले फोन करके इसकी पुष्टि जरूर करें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment