दुर्ग के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बोरसी में अज्ञात लोगों ने टोटका कर दहशत फैला दी। प्राचार्य कक्ष के बाहर खून से सना मृत पक्षी, नींबू और तंत्र-मंत्र की आड़ी-तिरछी रेखाएं देख स्टाफ और बच्चे घबरा गए। घटना शुक्रवार की सुबह की है।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षकों और ग्रामीणों ने तुरंत बैगा को बुलाकर झाड़-फूंक करवाई। साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। फिलहाल पद्मनाभपुर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषियों का पता लगाया जा सके।

ग्रामीणों ने जताई चिंता
स्थानीय पार्षद गुलशन साहू ने बताया कि प्राचार्य संगीता चौधरी ने घटना की जानकारी फोन पर दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दरवाजे के सामने मृत पक्षी और तंत्र-मंत्र का सामान रखा था। पुलिस ने जांच के बाद सफाई कराई। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और शाम को असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं।
बीईओ ने कही कड़ी कार्रवाई की बात
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजेश्वरी चंद्राकर ने कहा कि यह शरारती तत्वों की हरकत है, बच्चों और शिक्षकों को डराने की कोशिश की गई है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है और पुलिस उनकी निगरानी कर रही है।
पुलिस की सक्रियता बढ़ी
फिलहाल पुलिस स्कूल परिसर और उसके आसपास निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।







