कोंडागांव।जिले के माकड़ी वन परिक्षेत्र में गुरुवार को जंगल जमीन विवाद के दौरान बड़ा बवाल हो गया। फुका गिरोला और शामपुर गांव के बीच सीमांकन प्रक्रिया चल रही थी, तभी दोनों गांवों के ग्रामीण आपस में भिड़ गए। पत्थरबाजी और मारपीट में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में जनपद सदस्य अंगदराम पटेल समेत मगुराम, जगनाथ मंडावी और हरेंद्र प्रसाद पटेल शामिल हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अवैध कटाई और कब्जे को लेकर विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि झगड़े की वजह जंगल की अवैध कटाई और कब्जे का मुद्दा है। लंबे समय से चल रहे इस विवाद के समाधान के लिए प्रशासन ने सीमांकन प्रक्रिया शुरू की थी। लेकिन प्रक्रिया के दौरान ही स्थिति बिगड़ गई और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
पुलिस और वन विभाग की मौजूदगी में हिंसा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमांकन के समय पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे हिंसा रोकने में नाकाम रहे। झगड़े के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
कोतवाली पहुंचे ग्रामीण, FIR की मांग
घटना के बाद शामपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि विवाद की आशंका के बावजूद सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे।
अतिरिक्त बल तैनात
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने हालात को काबू में रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।



