तेज आंधी में ढहा निर्माणाधीन पुल, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहा पुल अचानक भरभराकर गिर गया। गुरुवार देर रात तेज आंधी-तूफान के बीच हुए इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि मलबे में दबे तीन मजदूरों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार पुल का निर्माण कार्य जारी था। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन हिस्सा गिर पड़ा और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक मृतकों में दो मजदूर हमीरपुर और चार बांदा जिले के निवासी थे।

ASP अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं तीन घायलों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के समय मजदूर पुल पर काम कर रहे थे।

घटना के कारणों को लेकर ASP ने कहा कि फिलहाल जांच जारी है। शुरुआती तौर पर तेज आंधी-तूफान को वजह माना जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में लापरवाही की भी जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

राहत और बचाव कार्य पूरी रात चलता रहा। JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हादसा सिर्फ खराब मौसम की वजह से हुआ या निर्माण में किसी तरह की बड़ी लापरवाही भी सामने आएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment