डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराई FIR

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। रायपुर के महिला थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से लग्जरी कार और दो से तीन करोड़ रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के दूसरे दिन से दहेज को लेकर ताने देने का आरोप

शिकायत के अनुसार, रायपुर के आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे की शादी जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे से सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी के समय पूजा के परिवार ने सोने के जेवर और घर में इस्तेमाल होने वाला जरूरी सामान उपहार में दिया था।

इसके बावजूद आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही सास ललिता बंजारे, ससुर कोमल सिंह और देवर-ननद दहेज को लेकर ताने देने लगे। उनका कहना था कि मनोज डिप्टी कलेक्टर हैं और किसी दूसरे रसूखदार परिवार में शादी होती तो करोड़ों रुपये और लग्जरी कार मिलती।

जमीन बेचकर रुपये लाने का बनाया दबाव

पूजा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जनवरी 2025 में उनके पति ने मायके की जमीन बेचकर दो से तीन करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया। जब उन्होंने ऐसा करने में असमर्थता जताई तो उनके साथ मारपीट की गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि गर्भावस्था के दौरान भी प्रताड़ना जारी रही। डिलीवरी का खर्च भी मायके वालों को उठाना पड़ा। मई 2025 में समय से पहले प्रसव होने और अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी पति और ससुराल पक्ष पर उचित व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया गया है। बाद में पूजा को नवजात बच्चे के साथ मायके छोड़ दिया गया और उनके फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिए गए।

मायके पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

पूजा के मुताबिक, अप्रैल और सितंबर 2026 में उनके पति अपने भाइयों के साथ मायके ग्राम भानसोज पहुंचे। इस दौरान गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है।

मामले को सुलझाने के लिए परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग भी कराई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद पूजा ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे सहित उनके परिजनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment