सुनहरी-केसरिया रोशनी से जगमगाया मां बम्लेश्वरी का दरबार, 9,001 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

डोंगरगढ़।शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी का दरबार सुनहरी-केसरिया रोशनी से जगमगा उठा है। पहाड़ी पर विराजित बड़ी मां बम्लेश्वरी के मंदिर में 8,100 और नीचे स्थित छोटी मां बम्लेश्वरी के दरबार में 901, कुल 9,001 ज्योति कलश श्रद्धालुओं द्वारा प्रज्ज्वलित किए गए हैं।

नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ज्योति कलशों की अनुक्रमित कतारें, मंत्रोच्चार और “जय माता दी” के जयघोष ने पूरे धाम को आस्था और उत्सव से भर दिया। मान्यता है कि नौ दिनों तक जलते ये ज्योति कलश श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और यातायात के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। नवरात्रि के दौरान कई लंबी दूरी की ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी दिया गया है, ताकि दूर-दूर से आने वाले भक्तों को दर्शन में आसानी रहे।

डोंगरगढ़ की पहाड़ी पर स्थित बड़ी मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए श्रद्धालु सीढ़ियों का रास्ता तय करते हैं, जबकि रोपवे सुविधा से बुजुर्गों और बच्चों की यात्रा भी सरल होती है। नवमी के दिन नीचे स्थित मंदिर के 901 ज्योति कलशों के भव्य विसर्जन की परंपरा इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment