बॉर्डर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 किलो चांदी और लाखों नकद जब्त

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली नाका पर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी बरामद की है। बरामद चांदी में आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह चांदी जैसी सिल्लियां शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को कार से 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिला। चांदी के परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल हुई कार सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

बसना थाना पुलिस की टीम 26 नवंबर को पलसापाली अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार कार में उमेश कंसारी, निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर, और रोशन कुमार साहू, निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद, सवार थे। दस्तावेज मांगने पर उनका जवाब संतोषजनक नहीं मिला, जिसके बाद बरामद संपत्ति को कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त किया गया।

महासमुंद पुलिस अवैध तस्करी, संदिग्ध नकदी और बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती नाकों तथा चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment