भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ पिशरोटी को वर्ष 2025–26 के लिए प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) का अध्यक्ष चुना गया है। यह पहली बार है जब क्लब के 67 साल के इतिहास में किसी महिला ने यह सर्वोच्च जिम्मेदारी संभाली है। साथ ही वह पूर्वोत्तर भारत से आने वाली पहली अध्यक्ष भी बनी हैं।
चुनाव में उनके पैनल ने सभी 21 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि संगीता बरुआ को 1,019 वोट मिले। जीत के बाद उन्होंने कहा कि वे प्रेस क्लब को ऐसा मंच बनाएंगी, जहां विविध और हाशिये की आवाज़ों को बराबर सम्मान मिले।
Just spoke to Australian Foreign Minister @SenatorWong.
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) December 15, 2025
Conveyed our deepest condolences about the Bondi beach terrorist attack and offered our fullest support.
इसी बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच में यहूदी समुदाय के हनुक्का उत्सव के दौरान हुए आतंकी हमले पर भारत ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग से बातचीत कर भारत की ओर से हरसंभव समर्थन का भरोसा दिलाया।
देश के पूर्वोत्तर हिस्से में, असम में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत एक महिला समेत दो और लोगों को भारतीय नागरिकता दी गई है। इसके साथ ही राज्य में CAA के तहत नागरिकता पाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
दूसरी ओर, केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों के बाद कई जिलों में राजनीतिक हिंसा देखने को मिली। कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और तिरुवनंतपुरम समेत कई इलाकों में अलग-अलग राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, जिसमें संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कुछ लोग घायल हुए। पुलिस के हस्तक्षेप से हालात पर काबू पाया गया।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में, AIIMS दिल्ली के वैज्ञानिकों ने मेनोपॉज के बाद महिलाओं में हड्डियों की कमजोरी (ऑस्टियोपोरोसिस) को रोकने की दिशा में एक अहम खोज की है। शोध में पाया गया कि आंतों के इम्यून सेल हड्डियों की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस खोज पर आधारित मानव क्लीनिकल ट्रायल भी शुरू हो चुका है।
वहीं उत्तर भारत में घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली समेत कई एयरपोर्ट्स पर कम दृश्यता के कारण उड़ानों के संचालन में बाधा आई है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



