कांकेर।कांकेर जिले में भालुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। देर रात सड़क से गुजर रहे एक युवक पर अचानक भालुओं के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना हल्बा चौकी क्षेत्र के ग्राम बड़ाटोला की है और रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जेपरा निवासी युवक मिथलेश गंगबेर देर रात बड़ाटोला इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक भालुओं के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले से युवक घायल हो गया और मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाने लगा।
युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालुओं के चंगुल से बचाया। इसके बाद घायल युवक को 108 संजीवनी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है। क्षेत्र में लगातार भालुओं की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।







