रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते बिजली बिलों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। इसी मुद्दे पर स्थानीय कलाकारों ने एक तंज भरा गीत जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस गीत ने न केवल लोगों के गुस्से को आवाज दी है, बल्कि सरकार और बिजली विभाग पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है।
वायरल हो रहे इस गीत की पंक्तियाँ “सांय सांय बिजली बिल बढ़त हवय, गरीब किसान मुड़ धड़के रोवत हवय” अब लोगों की जुबान पर चढ़ गई हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बिजली दरों में बेइंतहा वृद्धि हुई है, जिससे उनका मासिक बजट बिगड़ गया है। गांव से लेकर शहरों तक लोग इस बढ़ोतरी को अन्यायपूर्ण और आमजन विरोधी बता रहे हैं।
कलाकारों का कहना है कि इस गीत का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल को निशाना बनाना नहीं, बल्कि आम जनता की समस्या को कला के जरिए सामने लाना है। यह गीत केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सरकार और विभाग के लिए चेतावनी है। लोग मांग कर रहे हैं कि बिजली बिलों पर नियंत्रण के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं, ताकि आर्थिक बोझ से राहत मिल सके। बढ़ता आक्रोश अब सड़कों पर उतरने को तैयार है, जिससे सरकार और प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।







