भारतीय एयरस्पेस पर पाकिस्तानी विमानों की रोक, सरकार ने 24 अक्टूबर तक बढ़ाई पाबंदी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारत ने पाकिस्तान के विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला किया है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लागू किए गए इस प्रतिबंध को बढ़ाते हुए सरकार ने साफ किया है कि नागरिक और सैन्य दोनों पाकिस्तानी विमान भारत के एयरस्पेस में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

भारत सरकार ने पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस बैन की अवधि को बढ़ा दिया है। अब 24 अक्टूबर तक कोई भी पाकिस्तानी नागरिक या सैन्य विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाएगा। पाकिस्तान ने भी भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस 24 अक्टूबर तक बंद रखने का ऐलान कर दिया है।

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के प्रवेश पर रोक लगाई थी। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों की एंट्री बंद कर दी थी।

भारत ने जारी किया नया NOTAM

भारत और पाकिस्तान दोनों ने नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी करके एयरस्पेस प्रतिबंध को बढ़ाने की पुष्टि की है। भारत के ताजा आदेश के मुताबिक, पाकिस्तानी एयरलाइंस, रजिस्टर्ड विमान या लीज पर लिए गए किसी भी एयरक्राफ्ट को भारतीय एयरस्पेस में अनुमति नहीं मिलेगी।

NOTAM के अनुसार,
23 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक पाकिस्तानी विमानों के लिए भारतीय एयरस्पेस पूरी तरह बंद रहेगा।

अप्रैल से लागू है एयरस्पेस प्रतिबंध

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस बंद करने का फैसला लिया था। यह आदेश 30 अप्रैल से लागू हुआ और तब से लगातार इसकी अवधि बढ़ाई जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment