दक्षिण अमेरिकी देश Bolivia में शुक्रवार को एक भयावह विमान हादसा हो गया, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। राजधानी La Paz के पास एक सैन्य मालवाहक विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
रनवे से फिसलकर हाईवे पर जा गिरा विमान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान टेकऑफ के दौरान नियंत्रण खो बैठा और रनवे से फिसलता हुआ पास के शहर El Alto की व्यस्त हाईवे पर जा गिरा। अचानक हुए इस हादसे से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। विमान की टक्कर से कम से कम 15 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में विमान में सवार लोग शामिल हैं या सड़क पर मौजूद वाहन चालक और यात्री।
वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था शामिल
अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान Bolivian Air Force का हरक्यूलिस कार्गो विमान था। यह विमान देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोटों को दूसरे शहरों में पहुंचाने के मिशन पर था।
हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क पर बिखरे नोट, लूटने की मची होड़
हादसे के बाद हाईवे पर विमान का मलबा और बड़ी मात्रा में नकदी बिखर गई। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में लोग सड़क से नोट उठाते दिखाई दिए। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी बल तैनात करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सख्त कदम उठाने पड़े।
जांच शुरू, उड़ानें अस्थायी रूप से रोकी गईं
इस गंभीर दुर्घटना के बाद एहतियातन एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ पाएगी।



