रायपुर: नए साल 2026 में छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए राहतभरी खबर दी है। शासन ने वर्ष 2026 की सार्वजनिक और ऐच्छिक छुट्टियों की सूची जारी कर दी है, जिसे राजपत्र में भी प्रकाशित कर दिया गया है। इस बार राज्य सरकार ने कुल 107 दिनों की छुट्टियों की घोषणा की है, जिससे नया साल कर्मचारियों के लिए ‘सुपर हॉलिडे ईयर’ बन गया है।


जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2026 में 18 सार्वजनिक अवकाश, 28 सामान्य अवकाश (शनिवार और रविवार को छोड़कर) और 61 ऐच्छिक अवकाश निर्धारित किए गए हैं। यह सूची सभी सरकारी विभागों, स्कूलों और कार्यालयों में लागू रहेगी।

हालांकि, कुछ प्रमुख त्यौहार रविवार को पड़ने से कर्मचारियों को अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिल पाएगी। महाशिवरात्रि और दीपावली इस बार रविवार को पड़ने के कारण अलग से अवकाश नहीं मिलेगा।

शासन द्वारा जारी कैलेंडर में जनवरी से दिसंबर तक लगभग हर महीने कर्मचारियों को आराम और उत्सव का अवसर मिलेगा। इसमें गणतंत्र दिवस, होली, ईद, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस, दशहरा, दीपावली और क्रिसमस जैसे मुख्य त्यौहार शामिल हैं।


कर्मचारी संगठनों ने इस सूची का स्वागत करते हुए कहा कि यह कैलेंडर वर्ष 2026 को कर्मचारियों के लिए आराम, उत्साह और रिफ्रेशमेंट का साल बना देगा।







